हावड़ा: छठ पूजा से पहले हर साल की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी हावड़ा पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने कहा कि यहां से वह बेलूड़ मठ जाएंगे और इसके बाद बांंकुड़ा के लिए रवाना होंगे। छठ पूजा के अवसर पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा,सभी चाहते थे कि इस राज्य में ऐसी सरकार आए, जो परंपरा और विरासत को वापस लाए।इस दौरान मुख्यमंत्री ने वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस पर सनातनी परंपराओं एवं संस्कृति को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि वाममोर्चा के 34 वर्षों के शासनकाल में सनातनी परंपराओं को दरकिनार किया गया, जबकि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल ने इस विरासत को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य में पहले की तुलना में अधिक दुर्गा पूजा और काली पूजा का आयोजन हुआ है। उनका आरोप है कि पहले तृणमूल सरकार विभिन्न तरीकों से पूजा आयोजनों में बाधा डालती थी।छठ पूजा के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष पूरे धूमधाम और भव्यता के साथ छठ पूजा मनाई जाएगी। केवल राज्य में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सनातन धर्म को मानने वाले लोग इस पर्व को मनाएंगे।
राजनीतिक मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नंदीग्राम और रेजिनगर में भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोग मौजूदा सरकार के साथ रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जनता व्यवस्था में बदलाव चाहती थी और वह बदलाव हो चुका है। साथ ही भ्रष्टाचार और जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, किसी को नहीं छोड़ूंगा, जेल में डालूंगा। मुख्यमंत्री ने फलता में पुष्पा के कब्जे वाली जमीन को भी कब्जामुक्त कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने घोषणा की कि जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर गरीबों को सौंपा जाएगा और उन्हें आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराए जाएंगे। हावड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर भी मुख्यमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने लंबे समय तक नगर निगम का चुनाव नहीं होने दिया, जिसके कारण आम लोगों को नागरिक सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि जब मौजूदा सरकार चुनाव कराने की पहल कर रही है, तो तृणमूल कांग्रेस अदालत पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने कहा, यहां वे लोकतंत्र को तोड़ना चाहते हैं, लेकिन मैं लोकतंत्र को मजबूत करूंगा। उन्होंने नगर निगम चुनाव के मुद्दे पर जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही। साथ ही उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर हावड़ा के सभी वार्डों में को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाएंगे, ताकि नागरिक सेवाएं सुचारू रूप से जारी रह सकें। इस दौरान कई छठ वृत्तियों के हाथों में छठ के पूजन सामग्री फल और केला का घौद प्रदान की।