छठ पूजा में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व है। चार दिवसीय इस महापर्व के तीसरे दिन व्रती दिनभर कठिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। पानी में खड़े होकर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है। लोक आस्था का यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन और पारिवारिक एकजुटता का भी प्रतीक है।
इस वर्ष 15 नवंबर 2026, रविवार को संध्या अर्घ्य दिया जा रहा है। इसके अगले दिन यानी 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।
संध्या अर्घ्य छठ पूजा का तीसरा और प्रमुख अनुष्ठान है। इस दिन व्रती अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को जल और पारंपरिक प्रसाद अर्पित करते हैं। सूर्य को जीवन और ऊर्जा का आधार माना जाता है। उनकी रोशनी से ही पृथ्वी पर जीवन संभव है। ऐसे में सूर्य के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए यह पूजा की जाती है।
छठ की एक विशेष बात यह है कि इसमें डूबते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। आमतौर पर पूजा में उगते सूर्य को शुभता और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है, लेकिन छठ में अस्त होते सूर्य को भी समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा जीवन के हर पड़ाव और प्रकृति के हर रूप के प्रति सम्मान का संदेश देती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ व्रत करने से परिवार में सुख-शांति आती है। व्रती संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की समृद्धि की कामना करते हैं। सूर्य देव के साथ छठी मैया की पूजा भी की जाती है, जिन्हें लोक परंपरा में संतान की रक्षा और परिवार के कल्याण से जोड़कर देखा जाता है।
संध्या अर्घ्य की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो जाती हैं। घरों में पूजा के लिए पारंपरिक प्रसाद तैयार किया जाता है। इसमें मुख्य रूप से ठेकुआ, चावल के लड्डू, फल और अन्य मौसमी सामग्री शामिल होती है। पूजा की सामग्री को बांस के सूप और दउरा में सजाया जाता है। इनमें नारियल, केला, गन्ना, सेब, संतरा, सिंघाड़ा, अदरक और अन्य फल रखे जाते हैं। अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में प्रसाद की सामग्री में कुछ अंतर हो सकता है।
शाम होते ही व्रती परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर निकलते हैं। घाटों पर पहुंचकर पूजा स्थल तैयार किया जाता है। इसके बाद व्रती जल में खड़े होकर डूबते सूर्य की दिशा में मुख करके अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सूर्य देव को जल अर्पित किया जाता है और सूप में रखे फल, ठेकुआ तथा अन्य प्रसाद चढ़ाए जाते हैं। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल होकर प्रार्थना करते हैं।
इस अवसर पर घाटों पर छठ के पारंपरिक लोकगीत गूंजते हैं। महिलाएं समूह में गीत गाती हैं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। अर्घ्य देने के बाद कई परिवारों में रात कोसी भरने की परंपरा भी निभाते हैं। इसमें गन्ने से मंडप जैसा ढांचा बनाकर उसके नीचे दीपक और प्रसाद रखे जाते हैं। हालांकि, यह रस्म सभी क्षेत्रों में एक जैसी नहीं होती।
छठ पूजा में संध्या अर्घ्य से पहले व्रती खरना का अनुष्ठान करते हैं। दूसरे दिन खरना के अवसर पर दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। सूर्यास्त के बाद पूजा कर व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं।
संध्या अर्घ्य के दिन भी यह व्रत जारी रहता है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती रातभर उपवास रखते हैं और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद ही व्रत का पारण करते हैं। व्रत की कठिन साधना को छठ पूजा की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में गिना जाता है।
छठ पूजा का चौथा और अंतिम दिन उषा अर्घ्य के नाम से जाना जाता है। 16 नवंबर की सुबह व्रती सूर्योदय से पहले ही घाटों पर पहुंच जाते हैं। इसके बाद उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और परिवार की खुशहाली, स्वास्थ्य तथा संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाती है।
उषा अर्घ्य के बाद व्रती पूजा संपन्न कर पारण करते हैं। इसके साथ ही लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त होता है। इसके बाद प्रसाद परिवार, पड़ोसियों और अन्य श्रद्धालुओं में बांटा जाता है।
छठ पूजा की एक खास पहचान यह भी है कि इसमें पूजा किसी मंदिर के भीतर नहीं, बल्कि नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे खुले वातावरण में की जाती है। सूर्य, जल और प्रकृति इस पर्व के केंद्र में हैं। पूजा के लिए इस्तेमाल होने वाली बांस की टोकरी, सूप, मिट्टी के दीपक और मौसमी फल भी प्रकृति से जुड़े इस उत्सव की परंपरा को दर्शाते हैं।
यही वजह है कि छठ के दौरान घाटों की सफाई और जलाशयों को स्वच्छ रखने पर विशेष जोर दिया जाता है। संध्या अर्घ्य का दृश्य आस्था के साथ सामूहिक सहभागिता का भी उदाहरण है, जहां परिवार, पड़ोसी और पूरा समुदाय मिलकर इस महापर्व को मनाते हैं।