फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

कश्मीर से कोलकाता तक फैला है चरस तस्करी का नेटवर्क!

एनसीबी ने एक तस्कर को किया गिरफ्तार

Deepak Mishra

कोलकाता : कश्मीर से कोलकाता तक चरस की तस्करी से जुड़े एक मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम पार्थ डे है। एनसीबी की ओर से सरकारी वकील अपर्णा भौमिक ने अदालत को बताया कि इस तस्करी नेटवर्क के जरिए 10 किलोग्राम 735 ग्राम चरस की खेप मंगाई गई थी, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये चुकाई गई थी।

जांच एजेंसी के अनुसार, इस मामले में पहले ही श्रीनगर के अनंतनाग क्षेत्र से फिरदौस अहमद भट, जान मोहम्मद बाबा सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनसे पूछताछ के दौरान कोलकाता के अम्हर्स्ट स्ट्रीट निवासी पार्थ डे का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि अभियुक्त कथित रूप से कश्मीर से अवैध रास्तों के जरिए चरस मंगवाकर उसके कारोबार से जुड़ा हुआ था। एनसीबी को जांच के दौरान 558 फोन कॉल्स के रिकॉर्ड भी मिले, जिनके आधार पर पार्थ डे की भूमिका संदिग्ध पाई गई और उसे गिरफ्तार किया गया। सोमवार को जांच एजेंसी ने अदालत में अभियुक्त के ट्रांजिट रिमांड की मांग की। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने एनसीबी की याचिका स्वीकार करते हुए पार्थ डे को 19 जून तक ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। एनसीबी का मानना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।


SCROLL FOR NEXT