पुलिस मुख्य इंजीनियर को गिरफ्तार कर ले जाती हुईं 
कोलकाता सिटी

रंगदारी मांगने के आरोप में नगर निगम का मुख्य इंजीनियर गिरफ्तार

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता हुगली : एक ठेकेदार से कथित रूप से रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने चंदननगर नगर निगम के मुख्य इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम शैबाल राय है। आरोप है कि निगम से एक ठेकेदार को 10 करोड़ रुपये का भुगतान पाने के लिए भारी रकम और फ्लैट देने के लिए मांग की गई थी। ठेकेदार प्रदीप दे ने आरोप लगाया है कि चंदननगर क्षेत्र के जीर्णोद्धार कार्य के एवज में निगम से उन्हें 10 करोड़ रुपये मिलने थे। कई बार आवेदन करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि मुख्य अभियंता शैबाल ने भुगतान जारी करने के बदले एक करोड़ रुपये की मांग की। पूरी रकम नहीं होने पर ठेकेदार ने अपनी एक संपत्ति बेचकर अपने कारोबारी साझेदार के माध्यम से 35 लाख रुपये दिए और शेष राशि बाद में देने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद शैबाल ने ठेकेदार का लगभग 30 लाख रुपये मूल्य का एक फ्लैट भी अपने नाम कराने का दबाव बनाया। इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। ठेकेदार ने यह भी आरोप लगाया है कि वसूली की रकम सत्ता से जुड़े लोगों तक पहुंचाई जाती थी। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में भी शैबाल पर निगम की एक परियोजना में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT