कोलकाता सिटी

जनगणना कार्य में समस्याओं को लेकर शिक्षकों ने जताया विरोध

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जनगणना कार्य में लगाए गए शिक्षकों ने बुधवार को केएमसी कार्यालय में विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने आरोप लगाया कि जनगणना ड्यूटी के दौरान उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन शिकायतों के समाधान के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। एक शिक्षक ने बताया कि वह रायदीघी इलाके में रहते हैं। सहायक तकनीकी कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें 94 गरफा इलाके में जनगणना के काम के लिए लगाया गया है। वह अपना फोन नंबर सही कराने के लिए संबंधित कार्यालय पहुंचे थे। शिक्षकों का कहना है कि ड्यूटी से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद उनका उचित समाधान नहीं हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई शिक्षकों को उनके कार्यस्थल और निवास से काफी दूर जनगणना ड्यूटी दी गई है। इससे रोजाना आने-जाने में उन्हें परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि स्कूल की ड्यूटी पूरी करने के बाद जनगणना कार्य के लिए अतिरिक्त ड्यूटी दी जा रही है, लेकिन इसे ऑन-ड्यूटी के रूप में मान्यता नहीं दी जा रही। शिक्षकों ने मांग की कि ड्यूटी का निर्धारण सुविधाजनक स्थानों पर किया जाए और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

SCROLL FOR NEXT