कोलकाता : महानगर के जतींद्र मोहन एवेन्यू स्थित एक निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत में सुरक्षा जाल न होने के कारण सीमेंट के टुकड़े और ईंट गिरने से पद्मश्री पुरस्कार विजेता शिक्षक काजी मासूम अख्तर और एक सहायक शिक्षिका स्वाति बनर्जी घायल हो गए। घटना शुक्रवार की शाम लगभग 5 बजे की है। प्राप्त शिकायत के अनुसार, हरनाथ हाई स्कूल, बागबाजार में कार्यरत शिक्षिका स्वाति बनर्जी (45) और हेडमास्टर काजी मासूम अख्तर जनगणना का कार्य पूरा कर लौट रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन इमारत से सीमेंट और ईंट का ठोस टुकड़ा सीधे उनके सिर पर आ गिरा।
विरोध करने पर दुर्व्यवहार और धमकी
पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने बिना सेफ्टी नेट के हो रहे इस खतरनाक निर्माण कार्य और लापरवाही का विरोध किया, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ बदसलूकी की। घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश करने पर एक कर्मचारी ने जबरन मोबाइल का कैमरा बंद कराने का प्रयास किया, धक्का-मुक्की की और जान से मारने तथा बदसलूकी करने की धमकी दी।
राहगीरों की जान को भी खतरा
शिकायत में यह भी कहा गया है कि निर्माणाधीन इमारत से लोहे की छड़ें बाहर की ओर खतरनाक तरीके से निकली हुई हैं, जिससे वहां से गुजरने वाले आम राहगीरों की जान को लगातार खतरा बना हुआ है। शिक्षिका ने इस संबंध में श्यामपुकुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले को प्राथमिकी के रूप में दर्ज करने तथा अवैध निर्माण और हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।