कोलकाता सिटी

वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

53 संरक्षित जीव-जंतुओं का रेस्क्यू , 6 आरोपी गिरफ्तार सीबीआई-डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई में

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सीबीआई और डीआरआई, मुंबई ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) मुंबई एवं कोलकाता के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल 53 संरक्षित वन्यजीवों और पक्षियों को सुरक्षित बचाया गया तथा 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बरामद किए गए वन्यजीवों में 15 स्लो लोरिस, 2 बिंटुरोंग, 28 स्टार कछुए, 6 मिस्री गिद्ध (इजिप्शियन वल्चर) और 2 शिकरा पक्षी शामिल हैं। ये सभी वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 (Schedule-I) के तहत सूचीबद्ध हैं, जिन्हें भारत में सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है। यह संयुक्त कार्रवाई महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के विभिन्न स्थानों पर डीआरआई, मुंबई द्वारा विकसित विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों से संरक्षित वन्यजीवों और पक्षियों को लाकर उनकी अवैध खरीद-फरोख्त कर रहे थे। सीबीआई ने 7 और 8 जुलाई को इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कीं। कार्रवाई के दौरान मुंबई से तीन और कोलकाता से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

  • नोमान खान, मुंबई

  • मोहम्मद फारूक, मुंबई

  • इंशा शाकिल, मुंबई

  • सैकत बिस्वास, कोलकाता

  • मिथुन मंडल उर्फ हिमांशु मंडल, कोलकाता

  • अर्जुन मंडल, कोलकाता

आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी बरामद वन्यजीवों और पक्षियों को सुरक्षित देखभाल एवं संरक्षण के लिए महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के वन विभागों को सौंप दिया गया है।

सीबीआई और डीआरआई ने कहा कि यह संयुक्त अभियान वन्यजीव तस्करी के संगठित नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण है। मामले की आगे की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT