कोलकाता : देश की नामी कंपनी में वेंडर रजिस्ट्रेशन कराने का झांसा देकर कोलकाता के एक कारोबारी से 2.38 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने ‘अभिषेक राठौर एंटरप्राइज’ के प्रोपराइटर सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार हेम चंद्र नस्कर रोड स्थित एक प्राइवेट कंपनी के निदेशक पंकज मूंधड़ा (48) ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:45 बजे कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया और खुद को ‘मैट्रिक्स बिजनेस सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ का अधिकृत प्रतिनिधि बताया। आरोपियों ने मूंधड़ा को बताया कि वे उनकी कंपनी का अदाणी ग्रुप ऑफ कंपनीज में वेंडर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उनके झांसे में आकर मूंधड़ा ने बताए गए बैंक खाते में एनईएफटी के माध्यम से 2.38 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये भेजने के बाद जब उन्होंने वेंडर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया की जानकारी जुटाई, तो कथित तौर पर पता चला कि पूरी प्रक्रिया फर्जी थी और अदाणी ग्रुप में उनके नाम से कोई वेंडर रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं किया गया था। ठगी का एहसास होने के बाद मूंधड़ा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत और ई-जीरो एफआईआर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।