कोलकाता: नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अभियुक्त का ना तारक गुड़िया है। घटना मैदान थाना इलाके की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी उस कार का मालिक है जिसका इस्तेमाल इस वारदात में किया गया था। रविवार को आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 31 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान सरकारी वकील राधानाथ रंग ने आरोपी की जमानत का कड़ा विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि पीड़ित महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कार से एक सुनसान जगह पर ले जाया गया था। वहां उसे जबरन कोई नशीला पदार्थ पिलाया गया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी बना लिया था। बाद में पीड़ित महिला को मुंह बंद रखने के लिए उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि यह घटना इसी साल की है, जिसके संबंध में अप्रैल महीने में कोलकाता के मैदान थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस तभी से मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी थी। रविवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद बैंकशाल अदालत ने आरोपी तारक गुड़िया की जमानत याचिका खारिज कर दी और उसे 31 मई तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।