दक्षिण 24 परगना : एक बार फिर कार किराए पर लेने के बहाने लूट की वारदात सामने आई है। इस बार बदमाशों ने बीच रास्ते में चालक के साथ जमकर मारपीट की और उसकी कार तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की तत्परता से बदमाश ज्यादा दूर नहीं जा सके। बुधवार को कार के जीपीएस ट्रैकिंग के आधार पर कैनिंग ट्रैफिक गार्ड की पुलिस ने मातला ब्रिज पर फिल्मी अंदाज में अभियान चलाकर लूटी गई कार समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के घर नरेंद्रपुर में हैं। आरोप है कि उन्होंने नरेंद्रपुर से घटकपुकुर जाने के लिए एक कार किराए पर बुक की थी। इसके बाद चार युवक कार में सवार हुए। आरोप है कि सुनसान इलाके में पहुंचते ही बदमाशों ने चलती कार में चालक पर हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद चालक को जबरन सड़क पर उतार दिया गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन छीनकर बदमाश कार लेकर तेजी से कैनिंग की ओर फरार हो गए।
मातला ब्रिज पर पुलिस का नाका
पीड़ित चालक ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। कार में जीपीएस ट्रैकर चालू होने के कारण पुलिस को तत्काल उसकी लाइव लोकेशन मिल गई। लोकेशन से पता चला कि कार कैनिंग की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही कैनिंग थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। कैनिंग के मातला ब्रिज के पास बैरिकेड लगाकर पुलिस ने नाका चेकिंग शुरू की। जैसे ही लूटी गई कार ब्रिज के पास पहुंची, पुलिस ने चारों तरफ से उसे घेर लिया। मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। हालांकि, उनके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने लूटी गई कार को बरामद कर लिया है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस इलाके में छापेमारी और तलाशी अभियान चला रही है।