फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

सीआईडी अफसर बन कारोबारी का अपहरण,1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी

70 हजार नकद और सोने की चेन लूटकर भागे बदमाश

कोलकाता : सीआईडी अधिकारी बनकर लुटेरों के गिरोह ने एक एक्सपोर्ट-इंपोर्ट कारोबारी को बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया। आरोप है कि अभियुक्तों ने व्यवसायी को रिहा करने के एवज में 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती नहीं मिलने पर 70 हजार रुपये नकद व सोने की चेन लूटकर पीड़ित को रास्ते में फेंक दिया। घटना फूलबागान थाना अंतर्गत मनी स्क्वायर मॉल के सामने की है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना के बादुड़िया निवासी और व्यावसायी बिनयामिन मंडल (39) गत 24 जून की शाम करीब 4.10 बजे अपने दो साथियों के साथ व्यापारिक चर्चा के लिए अली मुल्ला और उसकी पत्नी से मिलने पहुंचे थे। करीब आधे घंटे की बातचीत के बाद जैसे ही वे मॉल से बाहर आए, वहां पहले से मौजूद 12 से 14 बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने खुद को सीआईडी अधिकारी बताते हुए बिनयामिन को जबरन एक काली स्कॉर्पियो में खींच लिया। बीच-बचाव करने आए उनके साथियों के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की गई। चलती गाड़ी में पीड़ित के सिर पर पिस्तौल तानकर एक करोड़ रुपये मांगे गए। असमर्थता जताने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके बाद जान बचाने के लिए कारोबारी ने अपने पास रखे 70 हजार रुपये नगद उन्हें सौंप दिए। इसके अलावा बदमाशों ने उनकी 3 लाख रुपये की सोने की चेन और बाइक की चाबी भी छीन ली।

पुलिस की भनक लगते ही रास्ते में फेंका

सफर के दौरान जब अपहरणकर्ताओं को पता चला कि पुलिस को घटना की भनक लग गई है तो उन्होंने बिनयामिन को उत्तर 24 परगना के सासन के पास गाड़ी से उतार दिया। अभियुक्तों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित ने देर रात मध्यमग्राम ग्रामीण अस्पताल में अपना प्राथमिक उपचार कराया। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर अभियुक्तों की तलाश कर रही है।


SCROLL FOR NEXT