कोलकाता : महानगर में एक कारोबारी ने स्थानीय दबंग और उसके गिरोह के खिलाफ लगातार धमकी, मारपीट और रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। गुलशन कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद शाहिद (37) ने आनंदपुर थाने में लिखित शिकायत देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला
शिकायत के अनुसार, व्यवसायी मो. शाहिद ने कहा है कि मिनी फिरोज नामक व्यक्ति और उसका गिरोह पिछले कई वर्षों से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। पीड़ित का आरोप है कि वह इलाके में ईंट और बालू सप्लाई का काम करता है, जिसे लेकर आरोपित लगातार उससे पैसे की उगाही करता रहा है। डर और दबाव में आकर उसे कई बार 10 हजार से लेकर 2.20 लाख रुपये तक देने पड़े।
पीड़ित ने बताया कि 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3 बजे जब वह आरोपित के इलाके से गुजर रहा था, तब उसे एक संकरी गली में खींचकर चाकू गले पर रखकर जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान आरोपित ने 2 लाख रुपये की मांग की। जान के डर से उसने मजदूरों की मजदूरी में से 30 हजार रुपये आरोपित को दे दिये। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिछले साल सितंबर में आरोपित और उसके साथियों ने सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई थी। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद हाल ही में जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं।
पीड़ित ने छोटा राजा, साजिद, राजेश और रेहान समेत अन्य लोगों के नाम भी इस गिरोह में शामिल बताए हैं। उसने आरोप लगाया कि हाल ही में दोबारा धमकियां दी गईं, जिससे वह और उसका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर हैं। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।