सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : हरिदेवपुर थाना क्षेत्र के रमाकांतपुर इलाके में शराब के नशे में हुई हिंसक झड़प में एक व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त का नाम गोपाल बाग है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए एम.आर बांगुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिंडिकेट व्यवसायी प्रदीप मंडल अपने कार्यालय में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान वहां गोपाल पहुंचा। बताया जा रहा है कि कीमती शराब पीने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान गोपाल ने धारदार हथियार या किसी नुकीली चीज से प्रदीप पर हमला कर दिया, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं और वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़ा। प्रदीप के रात तक घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया। फोन पर प्रदीप ने बेहद डरावनी और दयनीय स्थिति में होने की बात कहते हुए बताया कि उसकी हालत बहुत खराब है और हमलावर के कारण उसकी आंत तक बाहर निकल आई है। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एम.आर. बांगुर अस्पताल ले गए। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एसएसकेएम अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में प्रदीप की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज एसएसकेएम के आईसीयू में चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही हरिदेवपुर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोपाल बाग को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों ही आरोपी सिंडिकेट के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और पहले किसी राजनीतिक दल से भी संबंधित रहे हैं। हालांकि, पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह हमला केवल महंगी शराब को लेकर हुआ मामूली विवाद था या इसके पीछे सिंडिकेट के वर्चस्व और कारोबार को लेकर कोई पुरानी रंजिश जुड़ी हुई थी। पुलिस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।