दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सेना में सामान की आपूर्ति कराने का टेंडर दिलाने के नाम पर एक व्यवसायी से 1.88 लाख रुपये की ठगी की गयी। पीड़ित व्यवसायी ने इस संबंध में श्यामपुकुर थाने और साइबर अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 सितंबर 2026 को व्यवसायी प्रदीप कुमार गुप्ता से कुणाल चौधरी नाम के व्यक्ति ने टेलीफोन और वॉट्सएप के जरिए संपर्क किया। आरोपी ने खुद को भारतीय सेना से जुड़ा बताकर सामग्री की आपूर्ति के लिए पर्चेज ऑर्डर जारी करने का झांसा दिया। जालसाज ने दावा किया कि सामान की आपूर्ति के लिए गेट पास और वेंडर रजिस्ट्रेशन की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके नाम पर आरोपी ने व्यवसायी से दो बार में पैसे जमा करवाए । पहले 15 रुपये जमा कराये गये जो तुरंत वापस कर दिया गया ताकि भरोसा जीता जा सके और उसके बाद एनईएफटी के जरिए बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 1.88 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। आरोपी ने आश्वासन दिया था कि यह राशि बिल के भुगतान और सामान की लागत के साथ वापस कर दी जाएगी। ठगी का अहसास तब हुआ जब आरोपी ने बिल प्रोसेस करने के नाम पर तुरंत 85 हजार रुपये और जमा करने का दबाव बनाना शुरू किया और लगातार फोन कॉल करने लगा। शक होने पर व्यवसायी ने और भुगतान करने से इनकार कर दिया और पुलिस से संपर्क किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिस बैंक खाते में राशि ट्रांसफर की गई थी, उसे ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है।