दक्षिण 24 परगना : मंत्री दीपांकर जाना के नेतृत्व में बुधवार को बुधाखाली ग्राम पंचायत में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। इस मौके पर लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। मंत्री दीपांकर ने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के इलाकों को भी साफ-सुथरा रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। स्थानीय लोगों को नियमित रूप से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर जागरूकता फैलाने के साथ लोगों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंचायत से जुड़े लोगों की भी सक्रिय भागीदारी रही। आयोजकों के अनुसार, स्वच्छता अभियान का यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस दौरान पंचायत क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना और साफ-सुथरे वातावरण के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।