सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

संपत्ति के लिए माता-पिता और बहन से मारपीट का आरोप बीएसएफ जवान पर

झड़खाली इलाके की घटना

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बारुईपुर : पारिवारिक संपत्ति विवाद ने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार कर दिया है। बासंती के झड़खाली इलाके में बीएसएफ के एक जवान पर अपने वृद्ध माता-पिता और बहन के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि जमीन अपने नाम कराने के दबाव में जवान ने यह अमानवीय कदम उठाया। घायल वृद्ध माता-पिता और बहन इस समय अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अभियुक्त जवान का नाम देवाशीष मंडल है, जो कुछ वर्ष पहले सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुआ था और वर्तमान में पदोन्नति पाकर एक उच्च पद पर कार्यरत है। उसका पैतृक घर झड़खाली में स्थित है, जहां उसने कुछ समय पहले एक पक्का मकान बनवाया था। शादी के बाद से ही, परिवार के सदस्यों के साथ उसका विवाद बढ़ता चला गया। पिता निमाई मंडल, मां कविता मंडल और बहन पूर्णिमा मंडल का आरोप है कि देवाशीष जब भी छुट्टी लेकर घर आता है, तो उन पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाता है। इंकार करने पर वह गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आता है। हाल ही में घर लौटने पर देवाशीष ने कथित तौर पर तीनों के साथ बुरी तरह मारपीट की। पड़ोसियों की मदद से घायल परिवार के सदस्यों को पहले बासंती अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें कैनिंग महकमा अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच

पिता निमाई मंडल का कहना है, “हमने अपनी पूरी जिंदगी मेहनत कर यह संपत्ति बनाई है। अब बेटा जबरन इसे अपने नाम करना चाहता है, इसलिए हमें पीटता है।” स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं, बीएसएफ जवान देवाशीष मंडल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया। इलाके के लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार एक सुरक्षा बल के अधिकारी को शोभा नहीं देता। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने पर अभियुक्त के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बारुईपुर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा इस मामले में दोनों पक्ष की ओर से श‌िकायत दर्ज कराई गई। घटना की जांच की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT