कोलकाता : महानगर में डेटिंग ऐप के माध्यम से ठगी के नये तरीके खुलासा हुआ है। इस मामले ने सोशल मीडिया पर तेज बहस छेड़ दी है। यह घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि शहर में सक्रिय एक संगठित गिरोह की ओर भी इशारा करती है। जानकारी के अनुसार, एक युवक की लोकप्रिय डेटिंग ऐप ‘बंबल’ पर एक युवती से मैचिंग हुई। बातचीत के बाद युवती ने युवक को मिलने के लिए रानीकुठी स्थित एक कैफे ‘कपल कैफे जोन’ में बुलाया। बताया जा रहा है कि यह कैफे युवती ने सोच-समझकर चुना था। शुरुआत में मुलाकात पूरी तरह सामान्य रही। दोनों ने कॉफी और हुक्का ऑर्डर किया और बातचीत भी सहज ढंग से चलती रही। लेकिन असली झटका तब लगा जब पूरे 8500 रुपये का बिल सामने आया। युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही कैफे के कर्मचारी उसे चारों ओर से घेरकर दबाव बनाने लगे। जब उसने युवती की ओर मदद या स्पष्टीकरण की उम्मीद से देखा, तब तक वह हंसते हुए वहां से निकल चुकी थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, यह कोई सामान्य डेट नहीं बल्कि एक सुनियोजित ठगी थी, जिसे ‘हनीट्रैप बिलिंग फ्रॉड’ कहा जाता है। इस तरह की ठगी में युवती पहले डेटिंग ऐप के जरिए संपर्क करती है, फिर एक तय कैफे में बुलाती है। वहां महंगे या फर्जी चार्ज जोड़कर बिल बढ़ा दिया जाता है और बाद में कैफे स्टाफ के जरिए डराकर पैसे वसूले जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस तरह के गिरोह में युवती, कैफे और उसके कर्मचारी सभी शामिल होते हैं।
गौरतलब है कि कोलकाता समेत देश के कई शहरों में इस प्रकार की घटनाएं लंबे समय से सामने आ रही हैं। हालांकि, शर्म या जानकारी के अभाव में कई पीड़ित शिकायत दर्ज नहीं कराते, जिससे अपराधी बेखौफ होकर ऐसे काम जारी रखते हैं। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जहां कई लोग इसका विरोध कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने व्यंग्य करते हुए लिखा, ‘भाई ने कॉफी पी और 8500 रुपये का सब्सक्रिप्शन ले लिया, जो बंबल प्रीमियम से भी महंगा है।’