फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

फूलबागान मेट्रो स्टेशन पर फर्जी चाबी से ड्राइवर के केबिन में घुसा युवक

आरपीएफ ने फूलबागान थाने को सौंपा

कोलकाता : फूलबागान मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध का मामला सामने आया है। एक 19 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फर्जी चाबी की मदद से मेट्रो ट्रेन के पिछले ड्राइविंग कैब का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ के जवानों ने युवक को पकड़ लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फूलबागान थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना 24 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:31 बजे की है। ट्रैफिक कंट्रोलर से सूचना मिलने के बाद आरपीएफ कर्मियों को सतर्क किया गया। बताया गया कि ट्रेन के पिछले ड्राइविंग कैब का दरवाजा एक अनधिकृत चाबी से खोलकर एक युवक अंदर घुस गया है। घटना की पुष्टि स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी हुई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश शुरू की। आरपीएफ कांस्टेबल रामेश्वर की सहायता से आरोपी को करीब 7:34 बजे फूलबागान मेट्रो स्टेशन के डाउन प्लेटफॉर्म से पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान अरित्र बनर्जी (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह हुगली के अदीकनगर इलाके का रहने वाला है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास अनधिकृत चाबी कहां से आई और उसने मेट्रो ट्रेन के ड्राइविंग कैब में प्रवेश करने की कोशिश क्यों की। मामले की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT