दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : फर्जी दस्तावेजों के आधार पर न्यू टाउन के हातिशाला मौजा स्थित 27 बीघा जमीन बेचने का झांसा देकर 78 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में बहूबाजार थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निजामुद्दीन मोल्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को शापुरजी इलाके से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। मामले के संबंध में अधिवक्ता अभिजीत बरन दास ने बताया कि इसी वर्ष जनवरी में बहूबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार बहूबाजार क्षेत्र की एक संस्था के संचालक से हातिशाला मौजा में 27 बीघा जमीन बेचने के समझौते के नाम पर आरोपी ने 78 लाख रुपये लिए थे। बाद में जब संबंधित बीएल एंड एलआरओ (भूमि एवं भूमि सुधार) कार्यालय में दस्तावेजों की जांच कराई गई, तो पता चला कि आरोपी के नाम पर उक्त भूमि का कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि सौदे के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की हिरासत की मांग की। सुनवाई के बाद बैंकशाल अदालत ने आरोपी को 17 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।