बारूईपुर : जमीन विवाद के कारण एक युवक पर पहले एसिड अटैक किया गया और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले का आरोप बड़े भाई और उसके परिवार के सदस्यों पर लगा है। पीड़ित टोटन खान गंभीर हालत में कोलकाता के चित्तरंजन अस्पताल में भर्ती हैं। यह घटना शनिवार रात बारूईपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत योगीबटटला के मॉडर्न क्लब के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, टोटन के बड़े भाई मम्ताज खान और उसके परिवार के सदस्यों ने पहले टोटन की आंखों पर निशाना साधकर एसिड फेंका। इसके बाद शरीर के विभिन्न हिस्सों पर वार किए गए। सूत्रों के मुताबिक, मम्ताज खान और टोटन खान के बीच लंबे समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले मम्ताज के परिवार ने टोटन के परिवार के कई सदस्यों को पीटा था, जिसकी शिकायत भी दर्ज हुई थी। पुलिस ने मम्ताज के परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में भी लिया था। इसी बीच ईद के दिन यह घटना हुई । आरोप है कि मम्ताज खान की पत्नी बेबी खान, दामाद विकी घोष, पड़ोसी यारली खान सहित छह लोगों का एक दल अचानक लोहे की रॉड लेकर टोटन खान पर टूट पड़ा। खून से लथपथ हालत में घर के पास पड़े टोटन को इलाकावासियों ने देखा और उन्हें बारुईपुर महकमा अस्पताल ले गए। लेकिन वहां हालत बिगड़ने पर रात में ही उन्हें कोलकाता के चित्तरंजन अस्पताल रेफर कर दिया गया।