सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
आनंदपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी ने अपने बॉस के खिलाफ यौन उत्पीड़न, जबरन शारीरिक संपर्क और जबरदस्ती किस करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, घटना 9 सितंबर 2026 की है। पीड़ित महिला की शिकायत के मुताबिक, घटना वाले दिन शाम लगभग 4 बजे आरोपी मनोरंजन साहू कर्मचारियों को अटेंडेंस और सैलरी के सिलसिले में अपने केबिन में बुला रहा था। जब पीड़िता वहां पहुंची, तो सैलरी में कटौती को लेकर बात करने के दौरान आरोपी ने उसकी सहमति के बिना उसका हाथ खींचा और कमर को छुआ।
शाम को दोबारा की बदसलूकी
पीड़िता ने बताया कि शाम लगभग 6 बजे आरोपी ने उसे काम के बहाने दोबारा अपने केबिन में बुलाया। लैपटॉप पर काम दिखाने के दौरान आरोपी ने फिर से गलत तरीके से उसे छुआ। शिकायत के अनुसार, केबिन से एक अन्य महिला सहकर्मी के बाहर निकलते ही आरोपी ने पीड़िता के कान में फुसफुसाते हुए अगले दिन देर तक रुकने को कहा और बिना सहमति के उसके होंठों पर जबरन किस किया।
सीसीटीवी फुटेज जांचने की मांग
घटना के बाद सहमी पीड़िता ने अपने पूर्व सहकर्मी सौमाल्या डॉन को फोन कर पूरी बात बताई। पीड़िता ने पुलिस से कार्यस्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने का अनुरोध किया है ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उसने आरोपी बॉस द्वारा धमकी दी जाने या जांच को प्रभावित करने की आशंका भी जताई है।