बीएमएस के प्रदेश अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी एवं अन्य सदस्यगण 
कोलकाता सिटी

बीएमएस प्रदेश महासचिव पर जानलेवा हमला

ट्रेड यूनियन ने दी राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

Deepak Mishra

,

कोलकाता: भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की पश्चिम बंगाल राज्य समिति ने अपने प्रदेश महासचिव देवाशीष भट्टाचार्य पर हुए हिंसक हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो पूरे राज्य में व्यापक और शांतिपूर्ण आंदोलन छेड़ा जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, गत 2 अगस्त 2026 को पूर्व मिदनापुर जिले के कोलाघाट में संगठनात्मक कार्यों के दौरान बीएमएस महासचिव देवाशीष भट्टाचार्य पर हमला किया गया। बीएमएस ने इस घटना को लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और ट्रेड यूनियन अधिकारों पर हमला करार दिया है। संगठन ने यह भी उल्लेख किया कि इससे पूर्व 23 जुलाई 2026 को हावड़ा नगर निगम के पास जिला सचिव राणा प्रताप सिंह पर भी असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किया गया था, जिस पर प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

बीएमएस पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी द्वारा जारी बयान में राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की गई है। संगठन ने पुलिस से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष और गहन जांच कर हमलावरों एवं साजिशकर्ताओं के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। बिना किसी राजनीतिक दबाव के सभी दोषियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों और श्रमिक नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

SCROLL FOR NEXT