दंडवत करती हुई महिला 
कोलकाता सिटी

विधायक की जीत पर दंडवत यात्रा

सतीश , सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : बांसबेड़िया नगरपालिका के वार्ड नंबर 8, माझेर सड़क की निवासी अपराजिता घोष ने करीब 2 किलोमीटर तक दंडवत करते हुए हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और हनुमान चालीसा का पाठ किया। भाजपा समर्थक अपराजिता घोष ने मनौती मानी थी कि यदि स्वराज घोष विधायक बनेंगे, तो वह हंसेश्वरी घाट से गंगा स्नान कर जूट मिल इलाके स्थित हनुमान मंदिर तक दंडवत प्रणाम करते हुए जाएंगी और पूजा करेंगी। स्वराज घोष ने विदेश बसु को हराकर सप्तग्राम सीट से जीत हासिल की और विधायक बने। मनोकामना पूरी होने पर अपराजिता ने अपनी प्रतिज्ञा पूरी की। अपराजिता ने कहा, “हम चाहते थे कि तृणमूल का पतन हो और हर जगह भाजपा की जीत हो। स्वराज घोष की जीत से सबका भला होगा।” वहीं, पांडुआ के भाजपा कार्यकर्ता संजीत घोष ने गोयाल सिमलागढ़ भिटासिन गांव से लगभग 8 किलोमीटर दूर सिमलागढ़ काली मंदिर तक दंडवत प्रणाम करते हुए यात्रा की। उन्होंने बताया कि वह एक समय तृणमूल के अत्याचार का शिकार हुए थे। इसलिए उन्होंने मनौती मानी थी कि भाजपा सत्ता में आने पर वह दंडवत करते हुए सिमलागढ़ काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। अपनी उसी प्रतिज्ञा को पूरा करते हुए उन्होंने दंडवत यात्रा की। पांडुआ के भाजपा विधायक तुषार मजूमदार ने कहा, “उन्हें तृणमूल की ओर से धमकियां दी गई थीं। तब संजीत ने संकल्प लिया था कि भाजपा सत्ता में आने पर वह मां काली के मंदिर में दंडवत प्रणाम करते हुए पूजा करेंगे।”

SCROLL FOR NEXT