फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

नितिन नवीन आज शाम आएंगे बंगाल, पर कोलकाता का नहीं करेंगे दौरा

विधानसभा चुनाव नजदीक होने के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदभार संभालने के बाद मंगलवार को पहली बार पश्चिम बंगाल आएंगे, जिसमें वह दुर्गापुर और आसनसोल के औद्योगिक क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा करेंगे।

Narendra Kumar Singh

कोलकाताः विधानसभा चुनाव नजदीक होने के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पदभार संभालने के बाद मंगलवार को पहली बार पश्चिम बंगाल आएंगे, जिसमें वह दुर्गापुर और आसनसोल के औद्योगिक क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा करेंगे। नवीन के आज शाम को अंडाल हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है और वह बुधवार तक पश्चिम बर्दवान जिले में ही रहेंगे।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि उनका पूरा कार्यक्रम संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं को संगठित करने पर केंद्रित है, जो चुनावों से पहले पार्टी द्वारा जमीनी स्तर पर अपनी मशीनरी को मजबूत करने पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करने को रेखांकित करता है। नवीन के पहले बंगाल दौरे में कोलकाता का नाम न होने से राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी के अंदरूनी मामलों की जानकारी रखने वाले सूत्रों का कहना है कि दुर्गापुर-आसनसोल का चयन प्रतीकात्मक नहीं बल्कि रणनीतिक है। शुरुआत में संकेत मिले थे कि भाजपा अध्यक्ष बर्दवान जाते समय कोलकाता में ठहर सकते हैं।

हालांकि, अंतिम यात्रा कार्यक्रम में राज्य की राजधानी में किसी भी प्रकार का कार्यक्रम शामिल नहीं है और भाजपा अध्यक्ष अपनी बैठकों को दक्षिण-पश्चिमी हिस्से तक ही सीमित रखेंगे, जिसे आमतौर पर ‘राढ़ बंग’ क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, जिसे पार्टी चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण मानती है।

राढ़ क्षेत्र को लेकर खास रणनीति

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि भाजपा हाल के वर्षों में मिले मिले-जुले चुनावी नतीजों के बाद पश्चिम बंगाल में अपनी रणनीति को नए सिरे से संतुलित कर रही है, खासकर दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में, जिसमें पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम शामिल हैं। यह इलाका कभी राज्य में पार्टी के विस्तार की रीढ़ माना जाता था। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यह क्षेत्र हमारे बंगाल में पांव पसारने की योजनाओं के केंद्र में बना हुआ है। अगर पार्टी को विधानसभा में अपनी सीटों की संख्या बढ़ानी है तो ‘राढ़ बंग’ को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।’’

इस क्षेत्र ने 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को उसकी कुछ सबसे अच्छी सफलताएं दिलाई थीं, जब पार्टी ने इस क्षेत्र की आठ में से पांच संसदीय सीटें जीती थीं। इसका योगदान पश्चिम बंगाल में भाजपा के अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में रहा, जब पार्टी ने कुल 18 लोकसभा सीटें हासिल की थीं। हालांकि, यह गति 2021 के विधानसभा चुनावों में पूरी तरह बनी नहीं रह सकी और भाजपा ‘राढ़ बंग’ क्षेत्र की 57 विधानसभा सीटों में से केवल 18 पर ही जीत दर्ज कर पाई। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटों में और कमी आई तथा यह पिछले चुनाव में जीतीं आठ सीट में से दो पर ही फिर से नियंत्रण हासिल कर सका।

हिंदी भाषियों पर होगी पकड़ बनाने की कोशिश

दुर्गापुर और आसनसोल को विशेष रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां गैर-बांग्ला मतदाताओं की बड़ी आबादी है। भाजपा का मानना है कि यह वर्ग अब भी उसके प्रति सकारात्मक है, लेकिन हालिया चुनावों में इसे पर्याप्त रूप से एकजुट नहीं किया जा सका।

एक भाजपा पदाधिकारी ने कहा, ‘‘नितिन नवीन का दौरा नुकसान की भरपाई के लिए नहीं, बल्कि मौजूदा समर्थन को मजबूत करने के लिए है।’’ उन्होंने कहा कि नेतृत्व लगातार चुनावी झटकों के बाद ‘‘कार्यकर्ताओं के बीच आत्मविश्वास फिर से कायम करना’’ चाहता है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष मंगलवार शाम लगभग चार बजे अंडाल पहुंचेंगे। शाम को वह दुर्गापुर के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित कमल मेले में शामिल होंगे, जिसके बाद शहर के एक होटल में बंद कमरे में संगठनात्मक बैठक करेंगे। बुधवार को भाजपा अध्यक्ष बिरिंगी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर चित्रालय मैदान में एक और संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इसके बाद वह आसनसोल के रानीगंज जाएंगे, जहां एक अन्य संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे और फिर अंडाल लौटकर अपनी वापसी की उड़ान पकड़ेंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार, इन बैठकों में चुनावी तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मज़बूत करने और जिला इकाइयों के बीच समन्वय पर ध्यान दिया जाएगा, विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर जहां हालिया हार के बावजूद भाजपा का मत प्रतिशत कायम रहा है।

SCROLL FOR NEXT