घायल भाजपा नेता त्रिलोकेश ढाली की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

भाजपा नेता को मारी गयी गोली, इलाके में दहशत व्याप्त

फरार हुए हमलावर, हालत गंभीर, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : भाजपा नेता के सीने में गोली मारकर फरार होने की घटना से इलाके में दहशत व्याप्त हो गयी है। घायल भाजपा नेता का नाम त्रिलोकेश ढाली है। वह गंगासागर इलाके का रहने वाला है। यह घटना गंगासागर कोस्टल थाना क्षेत्र के श्रीधाम बस स्टैंड के पास हुई। हालांकि परिवार का आरोप है कि इस घटना के पीछे तृणमूल समर्थित बदमाशों का हाथ है। आरोप है कि दो हमलावर बाइक पर आए और अचानक गोली चलाकर फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक त्रिलोकेश नामक एक बीजेपी नेता को गोली लगी है। आरोप है कि सुबह करीब 8 बजे बदमाश बाइक पर सवार होकर आये त्रिलोकेश पर गोली चलाकर फरार हो गए। गोली उनके सीने में लगी। गोली लगने के बाद वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही उन्हें तुरंत सागर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें सॉल्टलेक के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। किसने गोली चलाई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। हालांकि परिवार का आरोप है कि इस घटना के पीछे तृणमूल समर्थित बदमाशों का हाथ हैं। घायल बीजेपी नेता के पुत्र त्रिदीप का आरोप है कि पहले सागर इलाके में बदमाशों का इतना आतंक नहीं था, लेकिन अब इलाके में आपराधिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है। त्रिलोकेश को निशाना बनाकर गोली क्यों चलाई गई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि त्रिदीप का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके पिता के उम्मीदवार बनने की संभावना थी। संभव है कि उन्हें बीजेपी की ओर से विधानसभा चुनाव का टिकट मिल सकता था। इसी वजह से तृणमूल की साजिश के तहत उनके पिता की हत्या की कोशिश की गई है, ऐसा आरोप उनके बेटे ने लगाया है। पुलिस हर पहलू से हमले के कारणों की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT