कोलकाता: पश्चिम बंगाल बजट 2026 को राज्य के विकास, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण को नई दिशा देने वाला बजट बताया गया है। इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी, पश्चिम बंगाल के नेता भोला प्रसाद सोनकर ने कहा कि यह बजट राज्य की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को गति प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि बजट में युवाओं के लिए 1 लाख नई नौकरियों, 50 हजार शिक्षकों की नियुक्ति, सरकारी कर्मचारियों के लिए 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की घोषणा की गई है, जो व्यापक जनहित में महत्वपूर्ण कदम है।
भोला प्रसाद सोनकर ने यह भी कहा कि गंगासागर मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने का प्रस्ताव बंगाल की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यह बजट “विकसित बंगाल, समृद्ध बंगाल और आत्मनिर्भर बंगाल” के संकल्प को मजबूत करने वाला है।