रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भांगड़ के तृणमूल नेता रज्जाक खां की हत्या के मुख्य अभियुक्त रफीकुल खान पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घटना स्थल से हथियार भी बरामद हुआ है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार दोपहर बीडीओ कार्यालय के गेट के सामने रफीकुल खान घूम रहा था। इस बीच अचानक कुछ बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। गंभीर स्थिति में रफीकुल को चित्तरंजन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, रफीकुल का परिवार भांगड़ के चक मरीचा इलाके में रहता है। बता दें कि 2025 में भांगड़ के दबंग तृणमूल नेता रज्जाक खां की हत्या के मामले में रफीकुल खान मुख्य अभियुक्त है। इसी आरोप में उसे पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले उसे जमानत मिल गई थी और वह घर पर था। विजयगंज थाना पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। रज्जाक की हत्या के पीछे विजयगंज बाजार पर कब्जा और जमीन-संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया था। अब उसी हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त पर हमला होने से कई सवाल उठ रहे हैं। क्या यह रज्जाक की हत्या का बदला है या कोई और वजह? पुलिस इलाके के सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर चुकी है। चुनाव से पहले भांगड़ में हुई इस घटना ने आम जनता के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है।