श्री श्याम सालासर धाम 
कोलकाता सिटी

श्री श्याम सालासर धाम में भजन संध्या, भजनों से गूंजा ‘ममता का मंदिर’

श्याम जन्मोत्सव पर भजन प्रवाहिका वंदना अग्रवाल ने बांधा समां, पंडित मालीराम जी शास्त्री ने दिया जरूरतमंदों की सेवा का संदेश

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राजारहाट के पाथेरघाटा स्थित ‘ममता का मंदिर’ के श्री श्याम सालासर धाम में श्री श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। श्रद्धेय पंडित श्री मालीराम जी शास्त्री द्वारा बेसहारा एवं उपेक्षित बुजुर्गों की सेवा के उद्देश्य से संचालित इस संस्थान में आयोजित कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

भजन संध्या में लोकप्रिय भजन प्रवाहिका वंदना अग्रवाल ने अपनी मधुर आवाज में बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बाबा की महिमा के गुणगान और श्याम भक्ति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठा। उपस्थित श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते नजर आए।

इस अवसर पर पंडित मालीराम जी शास्त्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में श्याम नाम की गूंज है। बाबा श्याम को हारे का सहारा और कमजोरों का साथी माना जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा की कृपा प्राप्त करने के लिए हमें भी अपने जीवन में सेवा और परोपकार की भावना अपनानी चाहिए। समाज के कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही सच्ची भक्ति है। कार्यक्रम ने भक्ति के साथ-साथ मानव सेवा और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।

SCROLL FOR NEXT