भाजपा की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी को सम्मानित करते हुए भाजपा कर्मी 
कोलकाता सिटी

बंगाल में भाजपा की सांगठनिक शक्ति लगातार बढ़ रही है : लॉकेट

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : दक्षिण 24 परगना जिले में भारतीय जनता पार्टी की सांगठनिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में भाजपा की पूर्व सांसद एवं पार्टी की राज्य महासचिव लॉकेट चटर्जी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की संगठनात्मक शक्ति लगातार मजबूत हो रही है। साथ ही उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।

जयनगर सांगठनिक जिला के आह्वान पर गोसाबा के बेलतली बाजार में आयोजित परिवर्तन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए लॉकेट ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल सरकार ने राज्य में व्यापक स्तर पर लूट और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल की गलत नीतियों और भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से चक्रवात अम्फान का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केंद्र सरकार की ओर से सहायता भेजी गई थी, लेकिन तृणमूल सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते कई जरूरतमंद परिवारों को आज तक पक्के घर नहीं मिल पाए। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में बंगाल में असीमित भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और हत्याओं की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की लगातार कोशिश की जा रही है। सभा में भाजपा के सांगठनिक जिला अध्यक्ष उत्पल नस्कर, राज्य अल्पसंख्यक मोर्चा के सभापति चार्ल्स नंदी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। वक्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा आम जनता के बीच भाजपा की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया। सभा के माध्यम से भाजपा ने यह संदेश देने की कोशिश की कि आने वाले समय में पार्टी बंगाल में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है और राज्य में परिवर्तन का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।

SCROLL FOR NEXT