कोलकाता सिटी

बेलियाघाटा कनेक्टर मेट्रो विस्तार कार्य से टेंगरा में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित

केएमसी और आरवीएनएल अधिकारियों ने की बैठक

कोलकाता : बेलियाघाटा कनेक्टर पर मेट्रो परियोजना के विस्तार कार्य से इलाके में जल जमाव की समस्या को लेकर बुधवार को कोलकाता नगर निगम और रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। जानकारी के मुताबिक बेलियाघाटा खाल के बीच मेट्रो पिलर के निर्माण के कारण नाले के पानी के बहाव पर असर पड़ रहा है, जिसके चलते थोड़ी सी बारिश में ही आसपास के वार्डों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो जा रही है। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में वार्ड नंबर 57 और 58 है। समस्या का समाधान निकालने के लिए जल निकासी विभाग के मेयर परिषद सदस्य (एमएमआईसी) तारक सिंह की अगुवाई में धापा लॉकगेट पंपिंग स्टेशन में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय पार्षद एवं एमएमआईसी जीवन साहा, डीजी (ड्रेनेज) शांतनु घोष, रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के प्रतिनिधि सुभाष बसु सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान एमएमआईसी जीवन साहा ने मेट्रो कार्य के कारण हो रही परेशानी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, बेलियाघाटा कनेक्टर से संलग्न इलाकों में जरा सी बारिश होते ही पानी भर जाता है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।' बैठक के बाद तारक सिंह ने कहा कि मेट्रो पिलर के निर्माण कार्य के कारण इलाके में वाटर फ्लो कम हो गया है। हम जांच कर रहे हैं कि वाटर फ्लो कितना कम हुआ है। सभी पाइप को हटाने का कार्य तत्काल प्रभाव से किया जा रहा है। इसके बाद भी अगर जल जमाव की समस्या होती है तो अतिरिक्त पंप आरवीएनएल की ओर से मुहैया कराये जाएंगे। आरवीएनएल की ओर से प्रतिनिधि सुभाष बसु ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि वे जल्द ही इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।

SCROLL FOR NEXT