बाटानगर न्यू लैंड पूजा कमेटी की ओर से धवलगिरि के बौद्ध मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा पंडाल 
कोलकाता सिटी

धवलगिरि के बौद्ध मंदिर का दीदार कराएगी बाटानगर न्यू लैंड पूजा कमेटी


रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

महेशतल्ला : इस बार महेशतल्ला में दुर्गोत्सव की भव्यता देखने लायक होगी। जिले के सबसे भव्य और बिग बजट पूजा पंडालों में शुमार बाटानगर न्यू लैंड पूजा कमेटी इस वर्ष एक अनोखी थीम पर आधारित पंडाल का निर्माण कर रही है, जिसकी प्रेरणा ओडिशा के प्रसिद्ध धवलगिरि बौद्ध मंदिर से ली गई है। यह पंडाल 100 फीट से भी अधिक ऊंचा होगा, जो दर्शकों के लिए एक भव्य और दिव्य अनुभव देने वाला है। पंडाल निर्माण में थर्मोकोल, प्रेक और फाइबर जैसे हल्के लेकिन मजबूत सामग्रियों का विशेष रूप से उपयोग किया गया है। लगभग 85 दिनों से लगातार पंडाल का निर्माण कार्य जारी है, जिसमें 30-32 से अधिक कारीगर ओडिशा से आकर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। पूजा कमेटी के असिस्टेंट सेक्रेटरी शोभन पॉल और महेशतल्ला नगरपालिका के जल विभाग के सीआईसी पीयूष दास ने बताया कि इस वर्ष पूजा का 79वां वर्ष मनाया जा रहा है। इस बार की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी महालया के दिन वर्चुअल माध्यम से इस पूजा पंडाल का उद्घाटन करेंगी। हर साल की तरह इस बार भी इलाके में 25 दिनों तक मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों के खेल और खाने-पीने के स्टॉल लगाए जाएंगे, जो पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग देंगे। पिछले वर्ष जहां पंडाल में दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर की झलक देखने को मिली थी, वहीं इस बार दर्शकों को ओडिशा के धवलागिरि बौद्ध मंदिर की शांति और भव्यता से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। मूर्ति निर्माण की बात करें तो यह प्रतिमा लगभग 25 फीट ऊंची होगी और इसे सबेकियाना स्टाइल में तैयार किया जा रहा है। मूर्तिकार बापी कर्मकार और बाबू कर्मकार के नेतृत्व में यह भव्य प्रतिमा आकार ले रही है।पूरे इलाके में इस पूजा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

कैसे पहुंचें?
बाटानगर न्यू लैंड पूजा कमेटी का यह पंडाल सियालदह–बजबज शाखा के नंगी स्टेशन के पास स्थित है। पंडाल में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित ढंग से पूजा का आनंद ले सकें।

SCROLL FOR NEXT