राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बासंती थाना अंतर्गत बासंती हाई स्कूल में ‘स्वयंसिद्धा’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल विवाह, साइबर अपराध और मानव तस्करी जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा मानव तस्करी की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वक्ताओं ने छात्रों को साइबर दुनिया में सावधानी बरतने, अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की सलाह दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और मानव तस्करी से जुड़े खतरों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना गया। उनकी ओर से उठाए गए मुद्दों को समझने तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया गया। ।