कोलकाता सिटी

खेत में बिछे बिजली के तार की चपेट में आने से दंपती की मौत

Rambalak

कोलकाता : फसल को चूहों से बचाने के लिए खेत में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बासंती इलाके में हुई। मामले में पुलिस ने अवैध रूप से बिजली का तार बिछाने के आरोप में सुकुमार सरदार को गिरफ्तार किया है। मृतकों की पहचान अम्माद लस्कर और तस्लीमा बीबी के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुकुमार सरदार ने अपने धान के खेत में चूहों का आतंक कम करने के लिए बिजली का तार बिछाया था। आरोप है कि करीब 1,500 फीट दूर से हुकिंग कर अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन लिया गया था। यह भी आरोप है कि सुकुमार ने पड़ोसी खेत के मालिक अम्माद को इसकी जानकारी नहीं दी थी। अम्माद का नाबालिग बेटा मछली पकड़ने का जाल लगाने के लिए खेत से गुजर रहा था। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आ गया। बेटे की चीख सुनकर अम्माद उसे बचाने पहुंचे और करंट की चपेट में आ गए। पति और बेटे को बचाने पहुंचीं तस्लीमा भी करंट की चपेट में आ गईं। घटनास्थल पर ही दंपती की मौत हो गई। सूचना पर बासंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT