बारुईपुर पुलिस के एडिशनल एसपी हेडक्वार्टर सौम्यजीत बरुआ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए  
कोलकाता सिटी

बारुईपुर पुलिस जिले में दुर्गा पूजा के दौरान 4 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

भीड़ नियंत्रण से लेकर यातायात व्यवस्था तक संभालेंगे मोर्चा, सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

Rambalak

दक्षिण 24 परगना : दुर्गा पूजा के दौरान दर्शनार्थियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बारुईपुर पुलिस जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूजा के दौरान करीब 3,500 से 4,000 पुलिस अधिकारियों, स्वयंसेवकों और टीएचजी (THG) कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसकी जानकारी बारुईपुर पुलिस जिले के एडिशनल एसपी (हेडक्वार्टर) सौम्यजीत बरुआ ने एडिशनल एसपी (जोनल) आतिश विश्वास की मौजूदगी में दी। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, वीआईपी प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, बड़े पंडालों में बनेंगे सहायता बूथ : भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए करीब 200 से 250 पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा बड़े पूजा पंडालों में पुलिस असिस्टेंस बूथ बनाए जाएंगे। यहां चाइल्ड कार्ड की व्यवस्था रहेगी, ताकि भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ने वाले बच्चों को सुरक्षित उनके माता-पिता या अभिभावकों तक पहुंचाया जा सके। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ पिंक मोबाइल गाड़ियों और डब्लूआईएनएस (WINS) टीम यानी दुर्गा सुरक्षा वाहिनी को भी तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पूजा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ दर्शनार्थियों के लिए सुगम और सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।

SCROLL FOR NEXT