राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : बारुईपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम शब्बीर बेग (37) है। वह बारुईपुर थाना क्षेत्र के मलिकपुर ग्राम पंचायत के अखना गांव का निवासी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार को आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की की रात करीब 1:10 बजे से 1:25 बजे के बीच गुप्त सूचना के आधार पर एसआई अर्घ्य मंडल ने पुलिस बल और सीएपीएफ जवानों के साथ मलिकपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत अखना बाइपास रोड इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने कुख्यात आरोपी शब्बीर बेग को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी निर्मित ‘वन शूटर’ आग्नेयास्त्र बरामद किया, जिसमें लकड़ी का बट, ट्रिगर और फायरिंग पिन लगा हुआ था। हथियार की लंबाई करीब 12 इंच बताई गई है। इसके अलावा एक काले रंग की हीरो पैशन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बारुईपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट तथा आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत डकैती की साजिश और अवैध हथियार रखने जैसे मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।