राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बारुईपुर एनकाउंटर मामले की जांच अब सीआईडी ने अपने हाथ में ले ली है। शुक्रवार को सीआईडी की टीम बारुईपुर थाने पहुंची और आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद मुख्य आरोपी प्रभास मंडल के एनकाउंटर स्थल का निरीक्षण किया। टीम के साथ मौजूद फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। जांच प्रक्रिया के तहत पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके अलावा सीआईडी ने बारुईपुर थाने से मामले से जुड़े दस्तावेज, पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियारों का रिकॉर्ड तथा कारतूस के खोखे भी जब्त किए। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को वारदात के पुनर्निर्माण (रीकंस्ट्रक्शन) के दौरान मुख्य आरोपी प्रभास पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस का दावा है कि नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या की घटना का मुख्य आरोपी प्रभास ही था और उसी ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। मामले में पहले ही दिवाकर सरदार, आनंद सरदार और कबीर मोल्ला को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, घटना की पूरी साजिश और वारदात के क्रम का पता लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। सीआईडी और फॉरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।