राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
बारुईपुर: सागर संघ मैदान के पास डकैती के इरादे से लोगों के इकट्ठा होने की सूचना मिलने पर बारुईपुर थाने की पुलिस ने देर रात छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम दीप्तजीत दास, रबीउल शेख उर्फ जेपी और अरिंदम बनर्जी उर्फ बोक्के बताए जा रहे हैं। इनमें से एक अभियुक्त मुर्शिदाबाद का निवासी है, जबकि अन्य दो बारुईपुर के ही रहने वाले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस टीम भेजी गई और तीनों अभियुक्तों को दबोचा गया। उनके पास से एक भोजाली और चोरी में इस्तेमाल होने वाले दो औजार बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त स्थानीय इलाके में पूर्व से ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे और डकैती की साजिश में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के नेटवर्क की गहन पड़ताल की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पहले किन घटनाओं में भाग लिया है और उनके अन्य साथियों की पहचान की जा सके। इस कार्रवाई से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और आपराधिक गतिविधियों को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोग पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं।