राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता दक्षिण 24 परगना : बारुईपुर थाना क्षेत्र के हाड़दह ग्राम पंचायत के उत्तर टांगरबेड़िया इलाके में पूजा कमेटी के गठन को लेकर हुए विवाद के दौरान भाजपा कर्मी बापी प्रामाणिक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अधीर नाईया के रूप में हुई है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इससे पहले इस मामले में सूजन मंडल, कृष्णा मंडल, कनक मंडल, अनिल नाईया और सुनील नाईया को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस सभी अभियुक्तों से पूछताछ कर घटना में उनकी कथित भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि उत्तर टांगरबेड़िया इलाके में पूजा कमेटी के गठन को लेकर दो गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसी दौरान बापी प्रामाणिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई थी। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और अन्य आरोपियों की भूमिका के आधार पर आगे भी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।