बारुईपुर थाने की पुलिस जब्त प्रतिबंधित पटाखे दिखाती हुई 
कोलकाता सिटी

बारुईपुर में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे जब्त

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

बारुईपुर : राज्य में चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो चुकी है। इसी बीच बारुईपुर थाने की पुलिस और केंद्रीय वाहिनी की संयुक्त फोर्स ने हराल इलाके में विशेष अभियान चलाकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे जब्त किये। पुलिस के अनुसार बरामद पटाखा करीब 300 किलो है, जिसे स्थानीय दुकानों और भंडारण केंद्रों से जब्त किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान राज्य में कानून और चुनावी आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। बरामद पटाखों में अवैध तरीके से रखे गए ज्वलनशील पदार्थ भी शामिल थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की तैयारी की जा रही है। इस दौरान पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों की पहचान की जा रही है, लेकिन फिलहाल सभी अभियुक्त फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह के अवैध पटाखा भंडारण और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि इससे न केवल कानून का पालन सुनिश्चित होगा, बल्कि अवैध पटाखों से होने वाले हादसों और आग लगने की घटनाओं पर भी रोक लगेगी। पुलिस ने जनता से अपील की है कि कोई भी अवैध पटाखा मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि चुनावी मौसम में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

SCROLL FOR NEXT