सांकेतिक तस्वीर 
कोलकाता सिटी

बारुईपुर में अवैध बैटरी कारखाने में भीषण आग, दमकलकर्मी घायल

कोलकाता : बारुईपुर थाना क्षेत्र में एक अवैध बैटरी कारखाने में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना सोमवार देर रात कृष्णा सिनेमा हॉल के पास एक संकरी गली में स्थित आवासीय भवन के पीछे चल रहे अवैध बैटरी निर्माण इकाई में हुई। आग लगते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत पुलिस एवं दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान दो दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है । स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से बैटरी निर्माण का काम चल रहा था, जिस पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इस घटना के बाद आवासीय भवन के मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग कैसे लगी तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर की गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

SCROLL FOR NEXT