रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने गुरुवार को परीक्षा के परिणाम प्रकाशित कर दिये। बर्दवान शहर के हिंदी माध्यम स्कूलों को उच्च माध्यमिक का परीक्षा परिणाम बेहतर हुआ है। बर्दवान श्री रामाशीष हिंदी हाई स्कूल के टीचर-इन-चार्ज जगदीश महतो ने बताया कि इस बार स्कूल के 156 विद्यार्थियों ने उच्च माध्यमिक परीक्षा दी थी। इनमें 107 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से, 42 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जबकि 7 विद्यार्थी असफल रहे। पूरे विद्यालय में कॉमर्स स्ट्रीम के छात्र सागर साव ने 451 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विज्ञान संकाय : सागर वर्मा ने 411 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। समीर राम 400 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि प्रिंस गुप्ता 387 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर आए। कॉमर्स संकाय : सागर साव ने 451 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। रौनक कुमार साव 448 अंकों के साथ दूसरे तथा गौरव वाल्मीकि 442 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। कला संकाय : रितिका भगत ने 421 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सौरभ महतो 407 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि गुनगुन महतो तीसरे स्थान पर रहीं। विद्यालय के टीआईसी ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है।
बर्दवान नेहरू विद्या मंदिर उच्च विद्यालय
बर्दवान शहर के हिंदी माध्यम के पहले दर्जे के विद्यालय, बर्दवान नेहरू विद्या मंदिर उच्च विद्यालय, का प्रदर्शन गत वर्ष से बेहतर रहा। प्रधान शिक्षक गणेश कुमार राजदेव ने बताया," इस वर्ष उत्तीर्ण प्रतिशत 90 % रहा । कला संकाय से बीना साव 442 , विज्ञान संकाय से रीफत रहमान 411 एवं वाणिज्य संकाय के गौतम कुमार महतो और सोहन साव ने 398 अंक के साथ प्रथम स्थान अर्जित किया है ।" परीक्षा परिणाम के लिए छात्र छात्राओं और अभिभावकों के बीच उत्साह और उल्लास का वातावरण देखा गया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, डा. शशि नाथ मंडल ने कहा , " छात्र-छात्राओं की मेहनत रंग लाई । " प्रधान शिक्षक और अध्यक्ष द्वय ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।