कोलकाता : सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना के तहत श्री बड़ाबाजार लोहापट्टी सेवा समिति की ओर से सिंगुर पुलिस स्टेशन परिसर में ठंडे पानी की मशीन (वॉटर कूलर) लगवाई गई। शरद पूर्णिमा एवं लक्खी पूजा के अवसर पर स्थापित इस मशीन का विधिवत उद्घाटन सिंगुर के विधायक डॉ. अरुप कुमार दास ने किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. दास ने कहा कि पुलिस स्टेशन परिसर में लगाई गई इस मशीन से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ थाने में विभिन्न कार्यों से आने वाले आम नागरिकों को भी ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा।
उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए समिति के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के लिए उपयोगी साबित होते हैं।
समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार बिहानी ने बताया कि यह वॉटर कूलर समिति के पूर्व सचिव स्वर्गीय श्रीनारायण सादानी की स्मृति में उनके सुपुत्र एवं समिति के उपसचिव नवनीत सादानी ने लगवाया है। इस पहल के माध्यम से दिवंगत समाजसेवी की स्मृति को जनसेवा के कार्य से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित सिंगुर थाना प्रभारी आईसी सुदीप्त साधुखां ने समिति और दानदाता परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने इस सहयोग को पुलिस स्टेशन आने वाले लोगों के लिए सुविधाजनक बताया।
समिति के सचिव गोविन्द रान्दड़ ने जानकारी दी कि संस्था की ओर से शीघ्र ही क्षेत्र के एक स्कूल और स्थानीय शिव मंदिर में भी इसी प्रकार की ठंडे पानी की मशीन लगवाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
उद्घाटन समारोह में समिति की ओर से सुशील अग्रवाल, संजय जैन, नवनीत सादानी सहित भाजपा किसान मोर्चा के संजय पांडे, बंटी पांडेय, श्रीकांत राय, सुरजीत पात्रा, बापुन कोले, धुधु कुमार घोष, शांतनु शासमल और योगेंद्र पांडेय समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समिति की इस पहल को जनसुविधा और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में देखा गया।