रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : मथुरापुर के तृणमूल सांसद बापी हालदार ने मथुरापुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत नलुआ ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। यह परियोजना राज्य सरकार की “पथश्री–रास्ताश्री-4” योजना के तहत शुरू की गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व और अभिषेक बनर्जी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत जाकिर मंडल के घर से फकीर दर्जी की दुकान तक ढलाई सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। विशेषकर बरसात के मौसम में जलजमाव और कीचड़ की समस्या से राहत मिलेगी, जिससे स्कूली छात्रों, किसानों और आम लोगों को फायदा होगा। सांसद ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों में सहयोग करने और गुणवत्ता बनाए रखने की अपील की। इस सड़क निर्माण के लिए 55,50,859 की राशि स्वीकृत की गई है। नलुआ ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सांसद और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।