दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पार्क स्ट्रीट स्थित एक सरकारी बैंक के ग्राहक के खाते से 38 लाख रुपये उड़ाने के आरोप में बैंककर्मी को गिरफ्तार किया गया है। लालबाजार की बैंक धोखाधड़ी जांच शाखा के खुफिया अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी समीरन शर्मा को घोला इलाके से धर दबोचा।
क्रेडिट कार्ड में हेरफेर कर उड़ाए पैसे
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पकड़ा गया आरोपी समीरन शर्मा पार्क स्ट्रीट स्थित सरकारी बैंक में क्रेडिट कार्ड विभाग से जुड़ा कर्मचारी था। उसने अपने ही बैंक के एक ग्राहक के क्रेडिट कार्ड में चालाकी और हेरफेर कर उसके खाते से 38 लाख रुपये उड़ा दिए। इसके बाद उसने यह रकम अपने और एक अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली।
घोला से हुई गिरफ्तारी, 25 अगस्त तक रिमांड
मामले की जानकारी मिलते ही पीड़ित ग्राहक ने इस साल पार्क स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। धोखाधड़ी की रकम बड़ी होने के कारण जांच का जिम्मा लालबाजार की बैंक फ्रॉड शाखा को सौंपा गया। जांच अधिकारियों ने तकनीकी सुरागों के आधार पर छापेमारी कर आरोपी समीरन शर्मा को घोला से गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट में पेश किया। सरकारी वकील ने ठगी की गई रकम की बरामदगी और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए हिरासत की मांग की। अदालत ने दलीलों को सुनते हुए आरोपी समीरन शर्मा को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।