कोलकाता : महानगर के नेताजी इंडोर स्टेडियम में रविवार को बांगुड़ जागरण मंच की ओर से सामूहिक गीता पाठ का भव्य आयोजन किया गया। ‘11 हजार कंठ से गीता पाठ’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक साथ गीता का पाठ किया, जिससे पूरा स्टेडियम आध्यात्मिक वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम में श्रीमत ज्ञानानंदजी महाराज, आचार्य रामचंद्र दासजी महाराज, स्वामी प्रदीप्तानंद कार्तिकजी महाराज, निर्गुणानंदजी ब्रह्मचारी और दैतापति भवानी प्रसाद दासजी महाराज सहित अनेक संतों एवं धर्माचार्यों की उपस्थिति रही। धार्मिक आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में सुभेंदु अधिकारी प्रधान अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित संतों से आशीर्वाद लिया और इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मंच की ओर से अध्यक्ष बैजनाथ मित्तल, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल (35 एमएम) और सचिव मनमोहन बागड़ी सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया तथा आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया।
समारोह में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पाल, डॉ. शारद्वत मुखर्जी, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, विधायक विजय ओझा और पीयूष कानोड़िया सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य सामूहिक रूप से गीता के संदेश और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से लोगों को जोड़ना था। हजारों लोगों के एक साथ गीता पाठ करने से नेताजी इंडोर स्टेडियम में विशेष आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। आयोजन के दौरान संतों के प्रवचन और धार्मिक गतिविधियों ने श्रद्धालुओं की सहभागिता को और बढ़ाया।