गिरफ्तार अभियुक्त के साथ जब्त अवैध सिम बॉक्स को दिखाते हुए पुलिस कर्मी 
कोलकाता सिटी

ईको पार्क में अवैध सिम बॉक्स रैकेट का भंडाफोड़, बांग्लादेशी गिरफ्तार

अभियुक्त के पास से 2500 से अधिक सिम कार्ड, कई कीपैड मोबाइल और एंड्रॉयड डिवाइस बरामद

विधाननगर : ईको पार्क थानांतर्गत हतियारा इलाके में पुलिस ने अवैध सिम बॉक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम आबिर शेख उर्फ मोनिरुल इस्लाम साजिब (36 वर्ष) है। वह बांग्लादेश के तंगाइल जिले का रहनेवाला है। अभियुक्त के पास से नौ 9 सिम बॉक्स मशीनें, 2500 से अधिक सिम कार्ड, कई कीपैड मोबाइल फोन, एंड्रॉयड डिवाइस, वीओआईपी रूटिंग व जीएसएम टर्मिनेशन उपकरण, केबल, पावर यूनिट, राउटर और अन्य नेटवर्किंग सामग्री जब्त की गयी।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार 13 फरवरी को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि हतियारा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के फ्लैट से अवैध सिम बॉक्स सेटअप संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने फ्लैट पर छापा मारा। मौके पर आबिर शेख उर्फ मोनिरुल इस्लाम साजिब (36 वर्ष) को कई सक्रिय सिम बॉक्स मशीनों और दूरसंचार उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से बांग्लादेश के तंगाइल जिले का निवासी बताया गया है और वर्तमान में उक्त फ्लैट में किराए पर रह रहा था। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह सिम बॉक्स के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल को घरेलू कॉल में परिवर्तित कर भारतीय नेटवर्क में भेजता था, जिससे दूरसंचार विभाग के नियमों और वैध अंतरराष्ट्रीय गेटवे प्रक्रियाओं को दरकिनार किया जा रहा था। आरोपित ने अपने दो सहयोगियों बिप्लब मंडल और बिप्लब हुसैन की संलिप्तता का भी खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित वैध पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपित पर अंतरराष्ट्रीय कॉल को अवैध रूप से भारतीय दूरसंचार नेटवर्क में रूट करने का आरोप है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा था। अभियुक्त से पूछताछ कर पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है।

SCROLL FOR NEXT