बंडेल में लगी भयावह आग की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

बंडेल में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली: बंडेल स्टेशन के निकट देवनानंदपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत बंडेल बाजार स्थित आबकारी विभाग परिसर में जब्त कर रखे गए वाहनों में अचानक एक के बाद एक भीषण आग लग गई। लगातार विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। आग की लपटें गगन छूने लगीं और काले धुएं का गुबार आसमान में उठने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बंडेल पुलिस फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आग लगने के लगभग दो घंटे बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच सकीं। दमकल इंजनों की मदद से फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि दमकल के देर से पहुंचने पर स्थानीय व्यवसायियों और निवासियों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि आग लगने के दो घंटे बाद तक दमकल विभाग का कोई अता-पता नहीं था। बताया जा रहा है कि रेलवे सबवे के कारण दमकल की गाड़ियों को घूमकर दूसरी दिशा से आना पड़ा। घटनास्थल पर पहुंचते ही त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई। चुंचुड़ा के विधायक असित मजूमदार ने बताया कि भयावह आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी दमकल समय पर नहीं पहुंच पाई। उन्होंने कहा कि आग की तीव्रता को देखते हुए समय पर नियंत्रण बेहद जरूरी था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। वहीं भाजपा कार्यकर्ता राजीव नाग ने आरोप लगाया कि जब्त पुराने वाहनों को बिना किसी निगरानी के जमा कर रखा जाता है। संभवतः उन्हीं में से किसी वाहन से आग की शुरुआत हुई। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद दमकल की देरी चिंताजनक है।

SCROLL FOR NEXT