लापता दोनों युवकों की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

बलागढ़ में डोंगी पलटने से दो युवक डूबे

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

हुगली: बलागढ़ के डुमुरदाह इलाके में गंगा नदी में डोंगी (छोटी नाव) पलटने से दो युवक डूब गए। लापता युवकों के नाम सायक बंद्योपाध्याय (23) और शुभोजीत मंडल (22) हैं। आपदा प्रबंधन विभाग उनकी तलाश में जुटा हुआ है। स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोपहर में डुमुरदाह के मोड़लपाड़ा गंगा घाट से पांच युवक एक छोटी नाव पर सवार होकर होली मनाने निकले थे। बीच गंगा में अचानक नाव पलट गई। पांच में से तीन युवक तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन दो पानी में बह गए। बताया जा रहा है कि उन्हें तैरना नहीं आता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण खोजबीन में जुट गए। खबर पाकर बलागढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। आपदा प्रबंधन विभाग को भी बुलाया गया। स्पीड बोट के जरिए तलाश की जा रही है और गोताखोरों को भी उतारा गया है। सायक बनर्जी के भाई तन्मय बनर्जी ने कहा, “पांच दोस्त एक ही नाव में सवार थे। अचानक नाव पलट गई। उनमें से तीन तैरना जानते थे, इसलिए वे बच गए, लेकिन दो का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।” डुमुरदह नित्यानंदपुर-1 ग्राम पंचायत के उपप्रधान श्यामा प्रसाद राय बंद्योपाध्याय ने कहा, “पूर्णिमा के ज्वार के दौरान नाव पलट गई। दुखद घटना की जानकारी मिलते ही हमने प्रशासन को सूचित किया। प्रशासन पूरी तरह सहयोग कर रहा है।”


SCROLL FOR NEXT