बकखाली के समुद्र तट पर गिरे ड्रोन की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

बकखाली के समुद्र तट पर गिरा ड्रोन, गहराया रहस्य

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

दक्षिण 24 परगना : बकखाली के करीब पश्चिम अमरावती गांव के कारगिल सी बीच इलाके में बुधवार को दोपहर तट की रेत पर लाल-पीले रंग की एक मशीन पड़ी मिली। मछली पकड़ने जाते समय दूर से इस मशीन को देखकर मछुआरों की जिज्ञासा बढ़ी। पास जाकर उनकी आंखें खुली की खुली रह गईं। लाल और पीले रंग का जेट विमान जैसा एक यंत्र सुनसान समुद्र तट पर पड़ा था। यह स्थान बकखाली समुद्र तट के बिल्कुल पास है।करीब जाकर मछुआरों ने देखा कि जेट विमान जैसे इस यंत्र के भीतर तारों से जुड़े उपकरण लगे हैं। देखते ही देखते इलाके में भीड़ जुट गई और उत्तेजना फैल गई। सूचना मिलने पर फ्रेजरगंज कोस्टल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पता चला कि यह एक ड्रोन है। ड्रोन को बरामद कर लिया गया। ड्रोन के पंख पर ‘शिकरा ड्रोन’ लिखा हुआ है। यह एक प्रकार का एरियल टार्गेट ड्रोन है, जिसे एनाड्रोन सिस्टम्स बनाती है। इसका उपयोग भारतीय नौसेना और वायुसेना के अभ्यासों में किया जाता है। कई रक्षा प्रशिक्षणों में इसका इस्तेमाल होता है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों, समुद्र या जमीन पर ऑपरेशन के दौरान तथा एयर डिफेंस सिस्टम की जांच के समय इस तरह के ड्रोन का उपयोग किया जाता है। यह प्रोपेलर और जेट—दोनों प्रकार के होते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह ड्रोन बकखाली के पास कैसे पहुंचा। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। सुंदरवन पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच करने के बाद ड्रोन इंयियन आर्मी का पाया गया है।

SCROLL FOR NEXT