कोलकाता : बाबू घाट स्थित बाजे कदमतला घाट पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से देव दीपावली के अवसर पर पहुंचे लोगों में नाराजगी देखी गई। घाट परिसर में जगह-जगह मूर्ति विसर्जन के अवशेष और पूजन सामग्री बिखरी पड़ी थी, जिससे पूरे इलाके में गंदगी का अंबार नजर आया। ऐसे में देव दीपावली के आयोजन के दौरान घाट का नजारा लोगों को निराश करने वाला रहा।
क्या कहना है घाट पर पहुंचे लोगों का
देव दीपावली के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कई लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि आयोजन से पहले घाट की उचित साफ-सफाई करा दी गई होती, तो यहां का दृश्य काफी सुंदर और आकर्षक होता। लोगों का कहना था कि धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए घाट की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए था। हालांकि, गंदगी के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। कई लोग 20 रुपये में देव दीपावली के लिए दीप और अन्य पूजन सामग्री खरीदकर गंगा में प्रवाहित करते नजर आए।
इस संबंध में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के बाद घाटों की साफ-सफाई कराई गई थी। हालांकि, कुछ दिन बीत जाने के बाद घाट पर दोबारा गंदगी जमा हो गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि घाट की फिर से साफ-सफाई कराई जाएगी।